अगले महीने कांग्रेस को मिल जाएगा नया अध्यक्ष? सीडब्ल्यूसी बैठक में हुआ ये फैसला

 


कांग्रेस वर्किंग कमिटी (सीडब्ल्यूसी) की सोमवार को बैठक हुई है। बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर निराशा जाहिर की है। वहीं उन्होंने कोरोना से निपटने के केंद्र सरकार के तौर तरीकों से भी निराशा जाहिर की है। बैठक में कांग्रेस के पूर्णकालिक अध्यक्ष को लेकर भी बात हुई। सोनिया गांधी ने बताया है कि नए अध्यक्ष को चुनने को लेकर कार्यक्रम तैयार हो गया है। हालांकि पार्टी के सीनियर नेताओं ने कहा कि कोरोना का जिस तरह का संकट है, उसमें फिलहाल नए अध्यक्ष का चुनाव ना किया जाए।

कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में बोलते हुए सोमवार को सोनिया गांधी ने कहा, जब 22 जनवरी को हमने बैठक की थी तो उसमें फैसला किया था कि कांग्रेस के पू्र्णकालिक अध्यक्ष का चुनाव जून के मध्य तक कर लिया जाएगा। चुनाव प्राधिकरण प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने चुनाव का पूरा कार्यक्रम तैयार कर लिया है। वो आपको इसके बारे में जानकारी देंगे, जिसके बाद आप इस पर अपने सुझाव दें। इसके बाद कांग्रेस के सीनियर नेता जिसमें अशोक गहलोत, आनंद शर्मा और गुलाम नबी आजाद भी शामिल हैं, ने कहा कि इस कोरोना संकट में चुनाव ना कराया जाए। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष चुना गया था।

बैठक में चुनाव नतीजों पर सोनिया दिखीं निराश


बैठक में बोलते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि हाल के चुनावों में पांच राज्यों में कांग्रेस जिस तरह से फेल हुई है, वो काफी निराशाजनक है। ये चुनाव नतीजें स्पष्ट तौर पर बताते हैं कि हमें सुधार लाना होगा और अपनी चीजों को दुरुस्त करना होगा।

Comments